बिहार विधानमंडल का बजट सत्र आरंभ, बजट आज

पटना [mithilanchalnews]। बिहार विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार को शुरू हुआ। अब मंगलवार को सदन में बिहार का बजट पेश किया जाएगा। बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल सत्यपाल मलिक के अभिभाषण से हुई। उन्होंने अपने अभिभाषण में सरकार की उपलब्धियां भी गिनायीं। इसके बाद उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सुशील मोदी ने बिहार आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश किया।



इस बार का आर्थिक सर्वेक्षण नये अवतार में पेश किया गया। यह दो खंडों में है. खंड-1 में अल्पकालिक से लेकर मध्यकालिक परिप्रेक्ष्य में बिहार की अर्थव्यवस्था की तस्वीर पेश की गयी तो वहीं, खंड-2 में सांख्यिकी परिशिष्ट के साथ राज्य सरकार की कुछ हाल की उपलब्धियां दी गयीं हैं।
अब आज मंगलवार को सुशील मोदी बिहार के वित्तीय वर्ष 2018-19 का बजट पेश करेंगे। बिहार का बजट पौने दो लाख करोड़ से अधिक होने की संभावना जतायी जा रही है। यह पिछले बजट की तुलना में 15 से 20 हजार करोड़ से अधिक का होगा।

बजट में शिक्षा प्रक्षेत्र पर सबसे अधिक आवंटन का अनुमान
पिछले वर्ष के 1.60 लाख करोड़ के बजट में इस बार करीब 12 प्रतिशत की वृद्धि की संभावना है। कैबिनेट ने पिछले दिनों 1.77 लाख करोड़ के बजट प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की थी। संभावना है कि पिछली बार की तरह इस बार भी राज्य सरकार सबसे अधिक राशि शिक्षा प्रक्षेत्र के लिए आवंटित करे। पिछली बार 25,251 रुपये शिक्षा पर खर्च करने का फैसला लिया गया था।

             ————————————————-mithilanchalnews————————————————————–
फटाफट ख़बरों के लिए हमे फॉलो करें फेसबुकट्विटर, गूगल प्लस पर..

Read all latest  headlines in Hindi. Also don’t miss today’s Hindi News.

admin