मुझे तसल्ली तब मिलेगी जब पटना एनआइटी देश में सर्वश्रेष्ठ हो जाएगा: नीतीश

पटना [राज्य ब्यूरो]। बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (बीसीई) के छात्र रहे मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्ववर्ती छात्रों के वार्षिक सम्मेलन में कहा कि मुझे तसल्ली तब मिलेगी जब एनआइटी पटना देश के सर्वश्रेष्ठ एनआइटी में शामिल हो जाएगा। इस मौके पर उन्‍होंने इस वर्ष पद्म सम्मान प्राप्त करने वाले वैज्ञानिक मानस बिहारी वर्मा को सम्मानित भी किया।
नीतीश कुमार ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण से जुड़े अध्ययन का खास महत्व है। नदियों के बारे में अध्ययन होना चाहिए। हम जितनी अधिक संख्या में पुल बनाएंगे उतना अधिक नदियों को कसते जाएंगे। नदियों पर इतनी अधिक संरचनाएं बन गई हैैं कि उनका बहाव घट गया है। नदियों की प्राकृतिक अविरलता को बनाए रखने का उपाय होना चाहिए। एनआइटी, पटना बिहार की नदियों पर सघन अध्ययन करे। गंगा, गंडक, सोन और कोसी आदि पर एनआइटी के अपडेट का बहुत लाभ मिलेगा। इससे एनआइटी की भी खास छवि विकसित होगी। राज्य सरकार इसमें एनआइटी की मदद भी करेगी।
नीतीश कुमार ने फरक्का बराज की वजह से बिहार में हो रही समस्या का खास तौर से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आम तौर पर नदियों से जुड़े पुराने आंकड़े व सूचनाओं पर काम होता है। इसलिए नए अध्ययन की जरूरत है। एक विमर्श में हाल ही में यह बात सामने आई है कि बक्सर के चौसा के पास ही गंगा नदी में उतना पानी नहीं आ रहा जो आना चाहिए। एनआइटी के अपने परिसर के लिए राज्य सरकार ने बिहटा में 125 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है।




मुख्यमंत्री ने कहा कि नया परिसर जल्द से जल्द विकसित हो। छह हजार विद्यार्थियों को ध्यान में रख परिसर को तैयार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें तसल्ली तब मिलेगी जब एनआइटी पटना देश के सर्वश्रेष्ठ एनआइटी में शामिल हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सपना देखना अजूबा नहीं है क्योंकि एक समय देश में सर्वश्रेष्ठ इंजीनियरिंग कॉलेज में रूड़की के बाद पटना के बिहार क़ॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (बीसीई) की चर्चा होती थी। रूड़की आइआइटी हो गया और बीसीइ एनआइटी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बीसीआइ के छात्र रहे और पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम के सहयोगी के रूप में कार्य कर चुके पद्म पुरस्कार से सम्मानित मानस बिहारी वर्मा को सम्मानित किया।

source (jagran)
             ————————————————-mithilanchalnews————————————————————–
फटाफट ख़बरों के लिए हमे फॉलो करें फेसबुकट्विटर, गूगल प्लस पर..

Read all latest  headlines in Hindi. Also don’t miss today’s Hindi News.

admin