JDU के सम्‍मेलन में बोले CM नीतीश, हम काम के बल जीतते रहे हैं चुनाव

पटना [Mithilanchal News]। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को कहा कि हम अपने काम के बल पर 2010 और 2015 का चुनाव जीते हैं, आगे भी ऐसा ही होगा। किसी को गलतफहमी नहीं पालनी चाहिए। किसी राज्य का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि हम अपने कार्यों का प्रचार नहीं करते। बाकी राज्य तो अपने एक-एक कार्य को छपवाते हैं, प्रचारित करते हैं। हम महात्मा गांधी के बताए रास्ते पर चलते हुए शासक नहीं बल्कि एक कस्टोडियन की तरह काम करते हैं।

विकास की निगरानी को आगे आएं महिलाएं

जदयू की समाज सुधार वाहिनी द्वारा बापू सभागार में आयोजित सामाजिक चेतना महासम्मेलन में उन्होंने आह्वान किया कि महिलाएं आगे आएं और विकास कार्यों की निगरानी करें। कहीं कोई गलत काम होते देखें तो सब मिलकर उसका विरोध करें। मुख्यमंत्री ने उन्हें दहेज वाली शादी में भाग नहीं लेने का संकल्प भी दिलाया। कहा कि आपके ऐसी शादियों में भाग नहीं लेने से यह बात उजागर हो जाएगी कि दहेज लिया गया है, और फिर कानून अपना काम करेगा।

 

सामाजिक कुरीतियों को दूर करना जरूरी

नीतीश कुमार ने कहा कि विकास का सही लाभ तबतक हमें नहीं मिल सकता, जबतक की समाज से कुरीतियां दूर नहीं हो जाएं। जदयू की समाज सुधार वाहिनी इसी लक्ष्य पर काम कर रही है। उन्होंने नारी सशक्तीकरण की चर्चा के क्रम में कहा कि महिलाओं के करीब 8 लाख समूह राज्य में सक्रिय हैं। हाल के दिनों में विदेश भागे कई डिफाल्टरों का संदर्भ लेते हुए कहा कि बड़े लोग तो कर्ज लेकर विदेश भाग जाते हैं, मगर जीविका से जुड़ी गरीब महिलाएं यहां समय पर बैंकों को अपने कर्ज चुका रहीं हैं।

admin